सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 फरवरी। सरगुजा में आयोजित व्यापारी संवाद सम्मेलन के दौरान सरगुजा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यशैली की सराहना करते हुए सम्मानित किया गया। गत दिवस होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम को शाल पहनाकर सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि 28 दिसंबर 2025 को शहर के व्यापारी अनिल अग्रवाल अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्तीपारा कैलाश मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और नगदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 20 लाख रुपये नगद रखे थे। घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत निगरानी के आधार पर चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों दीपक दास और रोहित दास को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटी गई 20 लाख रुपये की पूरी नगद राशि बरामद कर ली। तत्पश्चात आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल व्यापारियों ने राहत की सांस ली, बल्कि जिले भर में पुलिस की कार्यकुशलता की सराहना हुई।
व्यापारी संवाद सम्मेलन में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पूरी टीम ,सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, नितिन सिन्हा, विवेक राय, अमित विश्वकर्मा को सम्मान स्वरुप शाल पहनाकर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की तत्परता से जिले में कानून व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
सरगुजा पुलिस लगातार आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई कर रही है। इस प्रकरण में महज कुछ घंटों में आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरी रकम की बरामदगी पुलिस की पेशेवर दक्षता और समर्पण का उदाहरण है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


