सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 फरवरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के लिए बनाये गये महत्वाकांक्षी योजना पुलिस सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई के अधिकारियों द्वारा जिला जशपुर के दिवगंत निरीक्षक स्व. रामसाय पैकरा के पत्नी मुनेश्वरी पैकरा को 1 करोड़ (एक करोड़) का जीवन बीमा सहायता प्रदान की गई।
रामसाय पैकरा सरगुजा रेंज अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। श्री पैकरा पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित चंदखुरी में सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में सम्मलित होने गये थे। रिफ्रेशर कोर्स समाप्ति पश्चात दिनांक 27 जुलाई 25 को अपने घर सुरगांव सीतापुर आये थे, इसी दौरान घर में बिजली करंट की चपेट में आने से उनकी असामयिक निधन हो गया था।
श्री पैकरा पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर नियुक्ति जिला खरगोना (मध्यप्रदेश) में 1 जुलाई 83 को हुई थी। उनकी पदोन्नति वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक के पद पर हुआ, वर्ष 2004 में सहायक उप निरीक्षक, वर्ष 2009 में, उप निरीक्षक के पद पर एवं 2014 से निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुये थे। वे अपनी सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग में विभिन्न जिलो में रहकर अपनी सेवा दिये थे वर्तमान में जिला जशपुर में वर्ष 2022 से पदस्थ होकर कार्य कर रहे थे। सेवानिवृति से करीब 6 माह पूर्व श्री पैकरा का करेंट लगने से दुर्घटना कारण से असामयिक निधन हो गया।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी नि:शुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया गया है। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के द्वारा बैंक से आये सभी बैंक अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने हेतु उन्हें धन्यवाद दिया गया। यह सहायता न केवल परिवार को वित्तीय संबल के रूप में बल्कि विभागीय संवेदना व विभागीय उत्तरदायित्व के प्रतीक के रूप में प्रदान की गई।


