सरगुजा

शिक्षकों पर समय से पहले स्कूल छुट्टी करने का आरोप, बच्चों व ग्रामीणों में नाराजगी
07-Feb-2026 8:50 PM
शिक्षकों पर समय से पहले स्कूल छुट्टी करने का आरोप, बच्चों व ग्रामीणों में नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,7 फरवरी। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सुधार वनांचल ग्राम लवजी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय माध्यमिक शाला में शिक्षकों द्वारा समय से पूर्व स्कूल की छुट्टी करने का मामला सामने आया है।

बच्चों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रतिदिन दोपहर 3 से 3:30 बजे के बीच शिक्षकों द्वारा स्कूल की छुट्टी कर दी जाती है, जबकि निर्धारित समय इससे अधिक है। आरोप है कि 6 फरवरी शुक्रवार को भी लगभग 3.30 बजे स्कूल की समय से पूर्व छुट्टी कर दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक शाला में शिक्षक एवं शिक्षिका पदस्थ हैं, इसके बावजूद नियमित रूप से समय से पहले छुट्टी कर दी जाती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी विकासखंड के कई स्कूलों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर दी जाती है।

इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी देव प्रसाद गुप्ता से संपर्क करने पर पता चला कि वे बैठक के सिलसिले में अंबिकापुर गए हुए थे, जिस कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।


अन्य पोस्ट