सरगुजा

प्रतिबंधित ई-सिगरेट व वेप बिक्री, दो दुकानदार गिरफ्तार, 55 हजार का सामान जब्त
06-Feb-2026 9:17 PM
प्रतिबंधित ई-सिगरेट व वेप बिक्री, दो दुकानदार गिरफ्तार, 55 हजार का सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 फरवरी। सरगुजा जिले में प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप एवं फ्लेवर लिक्विड की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस व आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 55 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित नशीला पदार्थ, वेप, फ्लेवर लिक्विड सहित 40 नग चाइनीज चाकू जप्त किए गए हैं।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में आबकारी विभाग, कोतवाली एवं थाना मणीपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

 मोबाइल व गिफ्ट गैलरी से जब्ती

पहला मामला -पुलिस के अनुसार 5 फरवरी को थाना मणीपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अस्पताल रोड, मणीपुर स्कूल के सामने स्थित अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एवं उससे संबंधित प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

दुकान संचालक अमित अग्रवाल निवासी जिला अस्पताल रोड मणीपुर को मौके पर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने ई-सिगरेट व फ्लेवर लिक्विड की बिक्री करना स्वीकार किया। दुकान से 148 नग फ्लेवर लिक्विड, 16 नग वेप, 2 नग ई-सिगरेट, 12 नग ब्रेन फ्रीजर फ्लेवर तथा 40 नग चाइनीज चाकू जप्त किए गए। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 49,400 रुपये आंकी गई है।

 पान ठेला व डेली नीड्स दुकान पर रेड

दूसरा मामला -इसी दिन जिला आबकारी उडऩदस्ता एवं कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल रोड, वाणी दूत एसटीडी पीसीओ के सामने स्थित एक पान ठेला व डेली नीड्स दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री की जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड की।

दुकान संचालक सुशील कुमार केशरी अंबिकापुर से 24 नग ई-सिगरेट रिफिल एवं 10 नग फ्लेवर जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 4,960 रुपये बताई गई है।

दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (उत्पादन, विनिर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, विक्रय, वितरण, भंडारण एवं विज्ञापन प्रतिषेध) अधिनियम 2019 की धारा 7 व 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 270 तथा कोटपा एक्ट की धारा 6(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि ई-सिगरेट व फ्लेवर लिक्विड की लत भावी पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 पर देने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट