सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 फरवरी। सरगुजा जिला के अंबिकापुर शीतला वार्ड स्थित जोड़ा तालाब में शुक्रवार को एक युवक का लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम यादव के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम यादव पेशे से बिजली मिस्त्री एवं पेंट का काम करता था। वह मूलत: सिंगिटाना, लखनपुर का निवासी था और वर्तमान में अंबिकापुर में अपने ससुराल में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार शाम से लापता था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
शुक्रवार दोपहर तालाब के आसपास रहने वाले लोगों ने पानी में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार शव तालाब से स्वयं ऊपर आ गया था।
हत्या कर शव को तालाब में फेंका
मृतक के साले मुकेश यादव ने बताया कि पुरुषोत्तम शांत स्वभाव का व्यक्ति था और अपने काम से काम रखता था। उन्होंने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है। मुकेश यादव ने यह भी बताया कि इलाके में शराब पीकर कुछ लोगों के बीच विवाद की जानकारी मिली थी, हालांकि मृतक का उस विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


