सरगुजा
अभिभावक-शिक्षक संवाद में परीक्षा तनाव, डिजिटल क्लास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 31 जनवरी। ग्रा इंटरनेशनल स्कूल, लखनपुर परिसर में ‘परीक्षा पर चर्चा’ विषय पर एक अभिभावक-शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा परीक्षा से संबंधित अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या मितु अग्रवाल द्वारा की गई। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा के समय बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें प्रेरित करें और उनका आत्मविश्वास बढ़ाएँ। उन्होंने अभिभावकों को समय प्रबंधन और अध्ययन की सही तकनीकों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि उनकी मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं का समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अजीत अग्रवाल तथा प्रशासनिक प्रमुख जयराम मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री मिश्रा ने विद्यालय की अब तक की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विद्यालय के शिक्षकों एवं शैक्षणिक प्रमुखों ने सरल एवं स्पष्ट रूप से उत्तर दिया। चर्चा के दौरान डिजिटल कक्षाओं को लेकर अभिभावकों की विशेष जिज्ञासा देखने को मिली। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि डिजिटल कक्षाओं का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है, जिनमें से कई कक्षाएँ पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रवि चौबे, गुंजन शर्मा, वर्षा ठाकुर, विनोद कुजूर, आमना नूरी, महपारा, माही वर्मा, सुरेश लकड़ा, मेधा कश्यप, नियती राय, चाँदनी दुबे एवं सुमित्रा भगत ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अभिभावकों के प्रश्नों का संतोषजनक समाधान किया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।