सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जनवरी। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों से आए 50 से अधिक वरिष्ठ कांग्रेसजनों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कांग्रेस सेवादल की परंपरा के अनुसार ध्वजारोहण की सभी औपचारिकताएं पूर्ण की गईं। ध्वजारोहण के उपरांत पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकर्ताओं के नाम संदेश पढक़र सुनाया। संदेश में प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा गया कि मोदी की गारंटी के नाम पर सत्ता में आई भाजपा सरकार बीते दो वर्षों में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष के संदेश में कहा गया कि धान खरीदी योजना में किसानों को वादे के अनुसार मूल्य नहीं मिल पा रहा है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सवा करोड़ महिलाओं को लाभ देने की घोषणा की गई थी, लेकिन प्रदेश की आधी महिलाओं तक भी इसका लाभ नहीं पहुंच पाया है। इसी तरह एक लाख नौकरियों के वादे पर सरकार पूरी तरह असफल रही है।
संदेश में बिजली बिल हाफ योजना की समाप्ति, बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के कारण आम जनता पर बिजली बिल का दोगुना भार बढऩे का आरोप लगाया गया। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, विशेषकर महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि गंभीर चिंता का विषय बताया गया। मनरेगा में किए गए बदलावों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए घातक कदम बताया गया। प्रदेश अध्यक्ष के संदेश के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे राज्य सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, डॉ. अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, सत्येन्द्र तिवारी, रामविनय सिंह, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, मधु दीक्षित, हेमंत तिवारी, इरफान सिद्दीकी, ए.पी. सांडिल्य, दुर्गेश गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, संजीव मंडिलवार, संध्या रवानी, रसीद अहमद, लोकेश कुमार, अमित तिवारी राजा, विकल झा, आशीष जायसवाल, प्रीति सिंह, मो. जमील, उपस्थित रहे।


