सरगुजा

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, परेड की सलामी ली
27-Jan-2026 10:12 PM
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, परेड की सलामी ली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 जनवरी। सरगुजा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउण्ड में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री तथा गृह एवं जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के गायन के पश्चात उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया।

  श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। इसके बाद तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। तत्पश्चात परेड में शामिल सशस्त्र टुकडिय़ों द्वारा हर्षफायर कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी और राष्ट्रपति का जय घोष किया गया। उन्होंने शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। उन्होंने जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

विभागीय झांकियों में दिखी विकास की झलक

गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें नगर पालिक निगम द्वारा दूषित जल प्रबंधन, आदिवासी विकास विभाग द्वारा देवगुड़ी, शिक्षा विभाग द्वारा पी.एम.श्री. स्कूल, प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना द्वारा प्रधानमंत्री जनमन सडक़ एवं पुलिया निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन, कृषि विभाग द्वारा दलहन, तिलहन क्षेत्र विस्तार, रेशम विभाग एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा रेशम ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्त माध्यम, जेल विभाग द्वारा बंधन से मुक्त आकाश की सैर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास द्वारा ग्रामीण विकास मॉडल एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जन औषधि एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर विषय पर मनमोहक झांकियां प्रदर्शित की गई।

गणतंत्र दिवस समारोह में परेड इन कमाण्डर रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, सेकेण्ड परेड इन कमाण्ड उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज के नेतृत्व में 14 टुकडिय़ों के द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया।जिसमें जिला पुलिस बल कमाण्डर उप निरीक्षक अश्विनी कुमार दिवान, जिला बल पुलिस बल पुरूष कमाण्डर सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार सिंह, जिला पुलिस बल महिला कमाण्डर उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे, नगर सैनिक बल पुरुष कमाण्डर सहायक उप निरीक्षक शौकी लाल राज, नगर सैनिक बल महिला कमाण्डर उपनिरीक्षक रम्भा साहू, नव आरक्षक जिला पुलिस बल कमाण्डर प्रज्ञाभूषण पैकरा, पी.जी. कॉलेज अम्बिकापुर आदि ने मार्च पास्ट किया गया।

इस दौरान दलों ने देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया और मंच के सम्मुख पहुंच राष्ट्रीय ध्वज और मुख्य अतिथि को पूरे जोश और उत्साह से सलामी दी।


अन्य पोस्ट