सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जनवरी। भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2012 बैच के अधिकारी आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल को 14 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इस अवसर पर आईजी सरगुजा रेंज दीपक झा द्वारा कॉलर बैच लगाकर उन्हें औपचारिक रूप से पदोन्नति दी गई।
राज्य सरकार द्वारा 23 जनवरी को भारतीय पुलिस सेवा के आवंटन वर्ष 2012 के अधिकारियों को आवंटन वर्ष से 14 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर मैट्रिक्स लेवल-13 का वेतनमान प्रदान किया गया है। इसके तहत राज्य के कुल 8 आईपीएस अधिकारियों को यह पदोन्नति दी गई है, जिसमें सरगुजा जिले में पदस्थ एसएसपी आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल भी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि राजेश कुमार अग्रवाल वर्तमान में सरगुजा जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनके कार्यकाल में जिले में अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित निराकरण की दिशा में कई सराहनीय कार्य किए गए हैं। वे इससे पूर्व रायगढ़, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर एवं कवर्धा जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनका कार्यकाल सफल एवं प्रभावी माना जाता है।
सराहनीय सेवा के लिए आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल को पूर्व में राष्ट्रपति द्वारा सराहनीय सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। वे अपराधियों के प्रति सख्त तथा आम जनता के प्रति सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व और कुशल मार्गदर्शन में सरगुजा पुलिस द्वारा कई बड़े मामलों का चंद घंटों में खुलासा किया गया है।
श्री अग्रवाल के कार्यकाल में जिले की कानून व्यवस्था में सुधार, अपराधों की रोकथाम, सामाजिक बुराइयों पर नियंत्रण तथा गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
पुलिस महकमे एवं आमजन में उनकी पदोन्नति को लेकर हर्ष का माहौल है।


