सरगुजा
अंबिकापुर,19 जनवरी। कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज से जारी आदेश के परिपालन में जिले में पदस्थ आरक्षक (चालक) दिनेश प्रताप सिंह को प्रधान आरक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में पदोन्नति कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने फीता लगाकर आरक्षक दिनेश प्रताप सिंह को प्रधान आरक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नत किया तथा उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी का निष्ठा, ईमानदारी एवं कुशलता के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपने अनुभव के आधार पर वे विभागीय कार्यों में और बेहतर योगदान दें।पदोन्नति कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक संजय श्रीवास्तव सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत प्रधान आरक्षक (चालक) को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


