सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 जनवरी। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने डेन्जर्स एडवेंचर्स स्पोर्ट्स ‘लोंगेस्ट वल्र्ड टूर ऑन फुट जर्नी’ टीम के विश्व रिकॉर्ड धारक पर्वतारोहियों के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम थाना मणिपुर क्षेत्रांतर्गत बिलासपुर चौक के पास यातायात शाखा अंबिकापुर एवं मणिपुर पुलिस की सहभागिता से आयोजित हुआ।
अभियान के दौरान मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे चालकों को गुलाब का फूल देकर धन्यवाद दिया गया, वहीं बिना हेलमेट मिले चालकों को नि:शुल्क हेलमेट प्रदान कर आवश्यक रूप से उपयोग करने की हिदायत दी गई।
यह जागरूकता कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लों के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक विजय कैवर्त्य, थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी तथा थाना स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्व रिकॉर्ड धारक 4 सदस्यीय टीम ने भी लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया।


