सरगुजा

बाबा श्याम का संकीर्तन महोत्सव आज
01-Jan-2026 9:16 PM
बाबा श्याम का संकीर्तन महोत्सव आज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 1 जनवरी। श्री श्याम सेवा समिति, सूरजपुर के तत्वावधान में आज 2 जनवरी को बाबा श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नगर के रंगमंच मैदान में स्थित 20 हजार वर्गफुट के टेनसाइल डोम में आयोजित इस अलौकिक महोत्सव को लेकर पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बन गया है।

आयोजन को भव्य स्वरूप देने हेतु समिति द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। श्याम रस की अलख जगाने के लिए श्याम जगत के सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहकों को आमंत्रित किया गया है। मुख्य संकीर्तन में शीतला पाण्डेय (दिल्ली), पूजा नथानी (कलकत्ता) तथा अनमोल–शुभम (कलकत्ता) की जोड़ी बाबा श्याम के गुणगान से भक्तों को भावविभोर करेगी।

श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव के द्वितीय संस्करण में विशेष आकर्षण के रूप में रंगमंच मैदान स्थित टेनसाइल डोम के नीचे ‘बाबा का खजाना’ नामक ड्रा का आयोजन भी किया गया है। इसके साथ ही बाबा का अलौकिक श्रृंगार, इत्र वर्षा, श्याम रसोई और भव्य दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बाबा के दरबार को विशेष रूप से फूलों से सजाने के लिए कलकत्ता के अनुभवी दरबार सेवकों को आमंत्रित किया गया है, जो भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने में जुटे हुए हैं। आयोजन के दिन पूरा नगर बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर रहेगा।

श्याम संकीर्तन में पप्पू महाराज के पावन सानिध्य में राहुल अग्रवाल द्वारा शीश सेवा अर्पित की जाएगी। वहीं ख्याति प्राप्त भजन गायकों द्वारा एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

एक माह से चल रही तैयारियों को अंतिम रूप देने में समिति के समर्पित सदस्यों एवं श्याम प्रेमियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आयोजन को सफल बनाने में सुनील अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी जी-जान से जुटे हुए हैं।


अन्य पोस्ट