सरगुजा
तकनीकी त्रुटियों से विद्यार्थी फॉर्म भरने से वंचित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 दिसंबर। आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखकर छात्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
उन्होंने बताया कि अनेक विद्यार्थी तकनीकी कारणों तथा परीक्षा परिणामों में त्रुटि के चलते सत्र 2025-26 के मुख्य वार्षिक परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
रचित मिश्रा के अनुसार स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के कई विद्यार्थियों को परिणामों में ‘अनुपस्थित’ दर्शाया गया है, जबकि उन्होंने परीक्षा दी थी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन त्रुटियों को प्राथमिकता से सुधारने का आग्रह किया है, ताकि प्रभावित विद्यार्थी आगामी परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इंटरनेट व सर्वर समस्या के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान अंतिम तिथि 31 दिसंबर होने के चलते कई विद्यार्थी पीछे छूट सकते हैं। संघ ने छात्रहित में परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 10 दिन बढ़ाने की मांग की है।
रचित मिश्रा ने आशा व्यक्त की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इन समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार करेगा, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा और वे निश्चिंत होकर परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।


