सरगुजा

जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, गांवों की भौगोलिक सीमा के भू-संदर्भण के लिए प्रशिक्षण
27-Dec-2025 9:21 PM
जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, गांवों की भौगोलिक सीमा के भू-संदर्भण के लिए प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 27 दिसंबर। भारत सरकार, गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिले में आवश्यक प्रक्रियाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में ग्रामों एवं नगरों की भौगोलिक सीमा की सटीकता सुनिश्चित करने तथा उन्हें भू-संदर्भित करने हेतु शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सूरजपुर में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में नसीब अहमद खान, नोडल अधिकारी, भारत सरकार, गृह मंत्रालय, जनगणना कार्य निदेशालय रायपुर द्वारा गूगल अर्थ प्रो के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 दो चरणों में पूर्णत: डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी, जिसके प्रथम चरण में ग्रामों एवं नगरों की भौगोलिक सीमा एवं स्थिति का सटीक भू-संदर्भण अत्यंत आवश्यक है।

संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चार्ज मानचित्र में ग्रामों एवं नगरों की सीमा एवं स्थिति की पूर्ण सटीकता सुनिश्चित करना संबंधित चार्ज अधिकारी की जिम्मेदारी है। इसी कारण चार्ज मानचित्र का प्रमाणन एवं सत्यापन चार्ज अधिकारी द्वारा किया जाना अनिवार्य है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की सभी तहसीलों से उपस्थित तहसीलदारों, नगर निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों , जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं उनके सहयोगी कर्मचारियों को गूगल अर्थ प्रो के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों की भौगोलिक सीमा व लोकेशन को सटीक रूप से अंकित करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

नोडल अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिले के समस्त ग्रामों एवं नगरों की भौगोलिक सीमाओं का कार्य पूर्ण कर उन्हें भू-संदर्भित किया जाए, ताकि जनगणना-2027 का कार्य बिना किसी त्रुटि के सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके।

प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे आगामी जनगणना में डिजिटल मानचित्रण की प्रक्रिया पारदर्शी, सटीक एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित हो सके।


अन्य पोस्ट