सरगुजा
जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को किया प्रेरित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,23 दिसंबर। जिला सरगुजा में नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशामुक्ति, यातायात नियमों एवं व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 दिसंबर को पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग, रिसर्च एण्ड मैनेजमेंट बीएड कॉलेज, अम्बिकापुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन चठिरमा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में संपन्न हुआ। बौद्धिक परिचर्चा के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप निरीक्षक अभय तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के संयोजक मंगल पाण्डेय उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि उप निरीक्षक अभय तिवारी ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सडक़ सुरक्षा एवं उनके उल्लंघन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी आंकड़ों के माध्यम से रोचक ढंग से दी। वहीं विशिष्ट अतिथि मंगल पाण्डेय ने नशे के प्रकार, नशे की लत लगने के कारण, उसके सामाजिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं सकारात्मक व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुण कुमार दुबे (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस),जयमाला सिंह (सहायक कार्यक्रम अधिकारी),ग्राम पंचायत चठिरमा की सरपंच सोनिया पण्डो तथा जनपद पंचायत अम्बिकापुर के सभापति विजय व्यापारी का विशेष योगदान रहा।