सरगुजा
झाड़-फूंक से बिगड़ती गई हालत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 दिसंबर। पीलिया से पीडि़त एक अधेड़ ने मानसिक तनाव में आकर चाकू से अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ का निवासी था और पिछले दो वर्षों से अपनी बड़ी बहन के घर पत्थलगांव में रह रहा था।
धरमजयगढ़ निवासी अबू चंद यादव एक सप्ताह से पीलिया से पीडि़त था। परिजनों ने उसका इलाज डॉक्टरों से कराने के बजाय झाड़-फूंक कराना शुरू कर दिया। समय पर चिकित्सकीय इलाज न मिलने के कारण उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा।
रविवार को अबू चंद यादव ने चाकू से अपना गला काट लिया। गले से अत्यधिक रक्तस्राव होने पर परिजन उसे तत्काल पत्थलगांव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, गले की नस कट जाने से अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण उसकी जान चली गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। परिजनों का कहना है कि पीलिया से परेशान होकर ही अबू चंद यादव ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पीलिया में झाड़-फूंक बना जानलेवा अंधविश्वास
डॉक्टरों के अनुसार पीलिया लिवर से जुड़ा संक्रमण है, जो हेपेटाइटिस ए या हेपेटाइटिस ई वायरस के कारण होता है। यह बीमारी दूषित पानी और भोजन से फैलती है और समय पर इलाज से पूरी तरह ठीक हो सकती है।
सरगुजा अंचल में आज भी पीलिया जैसी गंभीर बीमारी में झाड़-फूंक कराने की परंपरा प्रचलित है, जो पूरी तरह अंधविश्वास है। चिकित्सकों का कहना है कि झाड़-फूंक से इलाज न कराकर समय गंवाने के कारण मरीज की हालत गंभीर हो जाती है और कई मामलों में जान तक चली जाती है।