सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 22 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी मंडल लखनपुर में सोमवार को ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता एवं नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के लखनपुर में प्रथम आगमन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी के नेतृत्व में भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वागत उद्बोधन में मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने कहा कि संगठन द्वारा आप दोनों को जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके निर्वहन में भाजपा मंडल लखनपुर सदैव आपके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आपके मार्गदर्शन में ओबीसी मोर्चा और अधिक सशक्त एवं संगठित होगा तथा मंडल स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान की जाएगी।
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने लखनपुर मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ओबीसी मोर्चा को और अधिक संगठित कर संगठनात्मक मजबूती प्रदान की जाएगी तथा समाज के हित में निरंतर कार्य किया जाएगा।
वहीं ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश एवं जिला स्तर पर संगठन ने जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओबीसी समाज की संख्या और भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए भविष्य में और अधिक संगठित, सक्रिय एवं प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व एवं वरिष्ठ नेता दिनेश गुप्ता, बृज किशोर पांडे, अंबिकापुर से संतोष दास, राजकुमार अग्रवाल, भाजपा मंडल महामंत्री महेश्वर राजवाड़े, सुरेश जयसवाल, कृष्ण गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राम सागर साहू, शिवराज सिंह, लक्ष्मण साहू, चेतन राजवाड़े, गौरी साहू, सुदर्शन मानिकपुरी, रंजीत दास, प्रभु सिंह, नवनीत गुप्ता, यतेन्द्र पांडे, सतनारायण साहू, उपस्थित रहे।


