सरगुजा

साल भर में ही अंबिकापुर में हवाई सेवा बंद
20-Dec-2025 10:06 PM
साल भर में ही अंबिकापुर में हवाई सेवा बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 दिसंबर। पिछड़ा बाहुल्य सरगुजा संभाग के अंबिकापुर मुख्यालय दरिमा से 1 वर्ष पूर्व प्रारंभ की गई हवाई सेवा वर्ष के अंत आते आते अब पूरी तरह से बंद हो गई है। इस संबंध में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस यहां से हवाई सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु इच्छुक है।  इस संबंध में मंत्री से भी चर्चा हुई है। आशा है कि जल्द ही सरगुजा में उक्त कंपनी या किसी अन्य कंपनी के माध्यम से हवाई सेवाएं शुरू की जाएगी।                                                  

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की उड़ान 4.2 योजना के तहत 19 दिसंबर 2024 को दरिमा एयरपोर्ट से रायपुर और बिलासपुर के लिए यहां से हवाई सेवा प्रारंभ की गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि बहुत ही कम कीमत पर अब सरगुजा का आम आदमी भी हवाई जहाज में सफर कर सकेगा।

योजना के अंतर्गत प्रारंभिक किराया 999 रुपए निश्चित किया गया था। सुविधा को देखते हुए सप्ताह में 3 दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को हवाई सुविधा दी गई थी। इसका संचालन फ्लाई बिग कंपनी  को करना था। प्रारंभ में कंपनी द्वारा सप्ताह में तीन दिन नियमित रूप से कुछ दिनों तक अपनी सेवाएं दी गई, इसके बाद धीरे-धीरे लेट लतीफ की शिकायत मिलने लगी। समय पर फ्लाइट नहीं होने के कारण और टिकटों के दाम बढ़ाने के कारण यात्रियों में इसका रुझान कम होता गया और यात्री पूर्व की भांति अन्य सुविधाओं से आवागमन करने के लिए मजबूर हो गए।                

  कुछ यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार  शुरुआती समय में जो टिकट 999 रुपए में उपलब्ध हो रहा था, धीरे-धीरे बढक़र  इसकी कीमत 5999 रुपए तक कर दी गई। इसके साथ ही साथ प्रबंधन द्वारा सप्ताह में 3 दिन नियमित रूप से हवाई सेवाएं उपलब्ध नहीं कराए जाने का अन्य तकनीकी कारण व मौसम खराब होने का बताए जाने लगा जिसके कारण भी सेवाएं बाधित होती रहीं। इसके बाद बारिश के कारण जून में ही सेवाएं बंद कर दी गई थीं।

अक्टूबर में कुछ दिनों तक पुन: हवाई सेवा बहाल हुई, परंतु वह भी बहुत जल्द  बंद कर दी गई। जानकारी के अनुसार फ्लाई बिग प्रबंधन को  29 अक्टूबर तक अपना विंटर शेड्यूल देना था, लेकिन फ्लाई बिग ने शेड्यूल ही जमा नहीं किया है, जिसके कारण अब हवाई सेवा पूरी तरह बंद हो गई है।


अन्य पोस्ट