सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 दिसंबर। जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 सरगुजा रेंज की प्रतीक्षा सूची में चयनित एवं अभ्यर्थी एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं व्यापम द्वारा जारी लिखित परीक्षा तथा बोनस अंक का विवरण जारी किया गया है।पुलिस नियंत्रण कक्ष अंबिकापुर में सूची चस्पा की गई है।
इकाइयों हेतु चयन सूची/प्रतीक्षा सूची छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट एवं अन्य समाचार पत्रों में 09 दिसम्बर को प्रकाशित किया गया था। उक्त चयन/प्रतीक्षा सूची में चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं व्यापम द्वारा जारी लिखित परीक्षा तथा बोनस अंक का विवरण 14 दिसम्बर को पुलिस नियंत्रण कक्ष अंबिकापुर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय
अंबिकापुर में सूची चस्पा की गई है। अभ्यर्थियों की चयनित/प्रतीक्षा सूची को छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिका बल, आरक्षक (भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 2007 एवं संशोधित नियम 2019 की कंडिका-07 की (छ:) एवं (सात) में दिए गए प्रावधानों का पूर्णत: पालन करते हुए तैयार की गई है। उक्त नियम में चयन/प्रतीक्षा सूची में शासन के निर्देशानुसार नगर सैनिकों के लिए वर्गवार रिक्तियों में 25 प्रतिशत क्षैतिज एवं श्रेणीवार एवं जाति वर्गवार आरक्षण का लाभ दिया गया है।
चयन/प्रतीक्षा सूची में शासन के निर्देशानुसार भूतपूर्व सैनिकों के लिए वर्गवार रिक्तियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज एवं श्रेणीवार एवं जाति वर्गवार आरक्षण का लाभ दिया गया है। चयन/प्रतीक्षा सूची में शासन के निर्देशानुसार महिलाओं के लिए वर्गवार रिक्तियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज एवं विभागवार एवं जाति वर्गवार आरक्षण का लाभ दिया गया है। अभ्यर्थियों को उल्लेखित शीर्षक की विशेष योग्यता हेतु प्रत्येक शीर्षक के लिए 05 अंक निर्धारित कर कुल 10 अंक अधिकतम बोनस अंक प्रदान किया गया है। राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद में प्रवीणता (केवल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, जिनका सीधा संचालन उस खेल के अखिल भारतीय संघ द्वारा किया जाता है में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को 05 अंक बोनस प्रदान किया गया।
एन.सी.सी. सी प्रमाण-पत्र धारक / एन.एस.एस. (राष्ट्रीय सेवा योजना) का प्रमाण-पत्र धारक को 05 अंक बोनस प्रदान किया गया।अभ्यर्थी उपरोक्तानुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा/व्यापम द्वारा जारी लिखित परीक्षा एवं बोनस अंक इस प्रकार कुल प्राप्तांक अंकों का अवलोकन कर सकते हैं।