सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 दिसंबर। अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक एक भगवानपुर वार्ड की गायत्री गली में बहुप्रतीक्षित डामरीकरण कार्य का शुभारंभ आज वार्ड पार्षद कमलेश तिवारी द्वारा पूजा-अर्चना कर किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, वार्डवासियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पार्षद श्री तिवारी ने कहा कि गायत्री गली में लंबे समय से सडक़ की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, विशेषकर वर्षा ऋतु में कीचड़ एवं जलभराव की समस्या बनी रहती थी। क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए डामरीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराया गया है।
उन्होंने बताया कि सडक़ के डामरीकरण से न केवल आम नागरिकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य में भी वृद्धि होगी। पार्षद ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने सडक़ निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर की और पार्षद श्री कमलेश तिवारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मोहल्ले के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


