सरगुजा

डाटा एंट्री ऑपरेटरों से कराए जा रहे लिपिकीय कार्यों पर संघ का विरोध
13-Dec-2025 3:59 PM
डाटा एंट्री ऑपरेटरों से कराए जा रहे लिपिकीय कार्यों पर संघ का विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर,13 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के कोषालय विभाग में बढ़ती अनियमितताओं को लेकर अब नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कोषालयीन शासकीय कर्मचारी संघ के सरगुजा संभागीय अध्यक्ष आलम साय राजवाड़े ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के कई जिलों के कोषालय अधिकारी लिपिकों के अधिकारों का खुलेआम हनन कर रहे हैं, जिससे पूरे प्रदेश के कोषालयीन कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।

राजवाड़े ने बताया कि इस पूरे प्रकरण को लेकर संगठन ने विशेष सचिव, वित्त विभाग तथा संचालक, कोष एवं लेखा को विस्तृत पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। संघ के मुताबिक कई जिलों में डाटा एंट्री ऑपरेटरों से वह कार्य करवाए जा रहे हैं जो पूर्णत: लिपिकों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।

उन्होंने बताया कि जिला कोषालय रायपुर, इंद्रावती कोषालय नवा रायपुर, जिला कोषालय कवर्धा, जिला कोषालय जगदलपुर में डाटा एंट्री ऑपरेटरों से कार्य कराकर कई जिलों में भी इसी तरह के उल्लंघन किया जा रहा है। संघ का कहना है कि यह न सिर्फ नियमों के खिलाफ है, बल्कि कोषालय संचालन की विश्वसनीयता पर भी प्रश्न खड़े करता है। राजवाड़े ने कहा कि डाटा एंट्री ऑपरेटरों का कार्य केवल डाटा एन्ट्री, डाटा विश्लेषण और तकनीकी काम तक सीमित है, जबकि लिपिक नस्तियों का प्रस्तुतीकरण, अभिलेखों का संधारण, पत्राचार और नियमों के अनुरूप निर्णयात्मक कार्यों के लिए प्रशिक्षित होते हैं। वित्त विभाग द्वारा भी पिछले वर्ष दोनों पदों के कार्य स्पष्ट रूप से परिभाषित हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

संघ ने आरोप लगाया कि कई कोषालय अधिकारियों द्वारा देयक पारित शाखा, सीपीएस/ओपीएस शाखा, पेंशन शाखा, ई-पेमेंट शाखा, भंडार शाखा जैसे अत्यंत संवेदनशील काम भी डाटा एंट्री ऑपरेटरों को दे रहे हैं और आश्चर्यजनक रूप से कई मामलों में इन कार्यों का परीक्षण सहायक कोषालय अधिकारियों द्वारा नहीं किया जाता, बल्कि सीधे कोषालय अधिकारी ही इन्हें पारित कर देते हैं। यह कोषालय संहिता का सीधा उल्लंघन माना जा रहा है।संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि वित्त विभाग व संबंधित अधिकारियों ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की और लिपिकों के अधिकार सुरक्षित नहीं किए गए, तो प्रदेशभर के कोषालयीन कर्मचारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

 राजवाड़े ने कहा कि हम नियमों के अनुरूप काम चाहते हैं, किसी के खिलाफ नहीं। लेकिन यदि लिपिकों के अधिकार छीने जाएंगे और कोषालय संचालन गैर-प्रशिक्षित स्टाफ के भरोसे छोड़ा जाएगा, तो संघ कड़े कदम उठाने में पीछे नहीं हटेगा।


अन्य पोस्ट