सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 दिसंबर। पुलिस लाइन अंबिकापुर में शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया,जिसमें परेड कमांडर तृप्ति सिंह राजपूत रक्षित निरीक्षक, रक्षित केंद्र अम्बिकापुर के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल को परेड की सलामी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के द्वारा पुलिस अधिकारी कर्मचारियों के अनुशासन, फि़टनेस एवं टर्न आउट का निरीक्षण किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन में अनफिट पुलिस अधिकारी कर्मचारियों के फिटनेस हेतु केपी गाँव सीआरपीएफ कैम्प में चलाए जा रहे एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात परेड में सम्मिलित होने पर उनके निरीक्षण दौरान ज्ञात हुआ कि प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी कर्मचारियों के वजन में पांच किलो तक कमी आई है, स्वास्थ्य सुधार हुआ है एवं उक्त प्रशिक्षण की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी।
परेड में सम्मिलित अधिकारी कर्मचारियों को बेहतर अनुशासन एवं टर्न आउट हेतु उनके उत्साहवर्धन हेतु उचित इनाम भी दिये एवं अधिकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण में बढ़ चढक़र भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया। पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने सहायक उपनिरीक्षक चैन साय के कुशल बैंड टीम की धुन पर परेड किया।
राजपत्रित अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, उप पुलिस अधीक्षक तुल सिंह पट्टावी, उप पुलिस अधीक्षक सुरेश भगत द्वारा अधिकारी कर्मचारियों की ड्रिल अभ्यास चेक किया।