सरगुजा

सरगुजा में पड़ रही है कड़ाके की ठंड, अंबिकापुर में पारा 4 डिग्री के करीब पहुंचा
11-Dec-2025 9:32 PM
सरगुजा में पड़ रही है कड़ाके की ठंड, अंबिकापुर में पारा 4 डिग्री के करीब पहुंचा

पाट क्षेत्रों में पाले, लोग ले रहे अलाव व गर्म कपड़े का सहारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 अक्टूबर। सरगुजा जिला में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूरा सरगुजा संभाग शीतलहर की चपेट में है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है। अंबिकापुर में गत दो दिनों पूर्व रात में खुले में सोए एक व्यक्ति की ठंड लगने से मौत हो गई।

सरगुजा संभाग के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक गिर गया है। सरगुजा के मैनपाट एवं बलरामपुर जिला के सामरीपाट में गुरुवार पाले पड़े। मैदानी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री दर्ज किया गया है।

उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। आसमान पूरी तरह से साफ होने के कारण शीतलहर चल रही है। पाट से लेकर मैदानी इलाकों में सुबह के समय पाला पड़ रही है। लोग दिन भर गर्म कपड़े और रात में अलाव का सहारा ले रहे हैं।

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान लगभग 4 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। इसके पूर्व बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री दर्ज किया गया था,जबकि गुरुवार 4 डिग्री के करीब पहुंच गया। संभाग के पाट इलाकों में मैनपाट, सामरीपाट और सोनहत क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा।

अंबिकापुर के पुराने बस स्टैंड में एक व्यक्ति की लाश मिली है, जिसका शरीर अकड़ गया है। उसकी ठंड लगने से मौत की आशंका है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मंगलवार को वह पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचा था। संभवत: वह मांगकर खाता था। उसके पास पर्याप्त कपड़े नहीं थे। बताया गया कि उक्त व्यक्ति खुले में सो गया था। मंगलवार शाम उसे लोगों ने पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि युवक की मौत ठंड लगने के कारण हुई है।

आगामी दिनों में और भी पड़ेगी कड़ाके की ठंड

सरगुजा संभाग में दिसंबर के दूसरे हफ्ते में भी रिकार्ड ठंड पड़ रही है। दिसंबर महीने में कड़ाके की ठंड ने नया रिकार्ड बनाया है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान औसत से करीब 3 डिग्री कम है।

पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कुछ कमी आई है। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने कहा कि शीतलहरों का असर आगामी दिनों में भी दिखेगा। सरगुजा में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।शीतलहरों के कारण पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके कारण शाम ढलते ही सडक़ें सूनी होने लगी हैं। अंबिकापुर में नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है।


अन्य पोस्ट