सरगुजा

विनय भगत बने राजपुर में जनपद अध्यक्ष व आकाश निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित
05-Mar-2025 9:36 PM
विनय भगत बने राजपुर में जनपद अध्यक्ष व आकाश निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 5 मार्च। बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत राजपुर में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव भारी गहमा गहमी के बीच सम्पन्न हुआ। यहां चुनाव इसलिए भी दिलचस्प हो गया, क्योंकि जिस जनपद सदस्य के साथ चौदह  सदस्य थे, बावजूद इसके वे जनपद अध्यक्ष नहीं बन सके, वहीं इस चुनाव में उपाध्यक्ष पद निर्विरोध रूप से चुना गया।

     मंगलवार को राजपुर जनपद सभा कक्ष में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराया गया। रिटर्निंग अधिकारी राजपुर एसडीएम राजीव जेम्स कुजुर एवं तहसीलदार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी की उपस्थिति में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव संबंधित सारी प्रक्रिया पूर्ण की गई।

चुनाव में सर्वप्रथम जनपद अध्यक्ष हेतु चुनावी प्रक्रिया पूरी की गई। जनपद अध्यक्ष के पद हेतु दो उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की। एक ओर जहाँ पूर्व में जनपद अध्यक्ष रहे कमला सिंह थे तो वहीं दूसरी ओर तीन बार के सरपंच रह चुके इस बार पहले ही प्रयास में जनपद सदस्य बने विनय भगत (बल्लू) थे।

इस जनपद अध्यक्ष के चुनाव में विनय भगत ने अपने प्रतिद्वंद्वी कमला सिंह को तीन वोटों से पराजित कर जनपद अध्यक्ष के पद पर जीत हासिल की। विनय भगत को 11 वोट मिले, जबकि कमला सिंह को कुल 8 वोट ही मिले।

विनय भगत की जीत के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह दिखा।जनपद अध्यक्ष बनते ही उनके समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की।

आकाश अग्रवाल बने निर्विरोध जनपद उपाध्यक्ष

जब से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रारंभ हुआ और जनपद सदस्य क्षेत्र बूढ़ा बगीचा सामान्य सीट घोषित हुआ, तभी से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि बूढ़ा बगीचा क्षेत्र से जनपद सदस्य के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल को जनपद उपाध्यक्ष के रूप में देखा जा रहा था। आकाश अग्रवाल के विरोध में किसी जनपद सदस्य ने उपाध्यक्ष के लिए अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। जनपद सदस्य आकाश अग्रवाल के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उनके समर्थकों में भारी जोश दिखा। आकाश अग्रवाल के उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद ढोल नगाड़ों के साथ जमकर आतिशबाजी की गई।

निर्वाचित होने के बाद लिया पिता का आशीर्वाद

 उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान आकाश अग्रवाल के पिता अशोक अग्रवाल (कोढ़ी) पूरे समय तक जनपद सभा कक्ष के बाहर उपस्थित रहे। अशोक अग्रवाल अस्वस्थ होने के बाद भी एम्बुलेंस में मौके पर मौजूद रहे। चुनाव के दौरान आकाश अग्रवाल अपने पिता से रायशुमारी करते नजर आए। जैसे ही आकाश ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, सबसे पहले अपने पिता से आशीर्वाद लिया। जिसके बाद वे अपने जीत का प्रमाणपत्र भी अपने पिता के साथ एम्बुलेंस में जाकर लिया। चुनाव रिटर्निंग अधिकारी राजीव जेम्स कुजुर ने आकाश अग्रवाल एवं उनके पिता को जीत का प्रमाणपत्र एम्बुलेंस के पास जाकर दिया।

जीत के बाद निकली जश्न की रैली

जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव के बाद आकाश अग्रवाल एवं विनय भगत एक साथ अपने समर्थकों के साथ नगर में रैली कर सबसे पहले ग्राम देवता दरहा बाबा मंदिर एवं माँ महामाया मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली रैली के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई।

चौदह सदस्य के बाद भी नहीं बन पाए अध्यक्ष

 इस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की चर्चा जोरों पर थी। एक ओर जहाँ उपाध्यक्ष पद के लिए आकाश अग्रवाल का नाम तय माना जा रहा था तो वहीं दूसरी ओर अध्यक्ष पद हेतु कमला सिंह सबसे मजबूत उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा था। जनपद सदस्य कमला सिंह पूर्व में जनपद अध्यक्ष का कार्यभार संभाल चुके हैं और इस चुनाव के बाद उनके साथ चौदह जनपद सदस्य तीर्थ धाम करने एक स्पेशल बस से रवाना हुए थे।

लगभग एक सप्ताह तक तीर्थ यात्रा कराने के बाद भी उनके साथ रहे जनपद सदस्यों ने उनका साथ नहीं दिया। जबकि उपाध्यक्ष पद में आकाश अग्रवाल ने बाजी मारते हुए जहाँ निर्विरोध रूप से निर्वाचित हुए, वहीं कमला सिंह अध्यक्ष पद से दूर रह गए।


अन्य पोस्ट