सरगुजा
3 डिग्री सेल्सियस पर मैनपाट, बदलना पड़ा स्कूलों का समय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 दिसंंबर। सरगुजा संभाग में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान बुधवार को 6.9 डिग्री पर पहुंच गया। इस सीजन में सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। दो दिन पूर्व यहां का तापमान आठ डिग्री तक था। कंपकंपा देने वाली ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने सरगुजा के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों के संचालन के समय में परिवर्तन कर दिया है।
सुबह लगने वाले स्कूल अब करीब एक घंटा विलंब से संचालित होंगे। पिछले कुछ दिनों से सरगुजा में पड़ रही तेज ठंड को देखते हुए कई लोगों ने स्कूलों के संचालन समय को बदलने को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था।
अभिभावक संघ सहित जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री संजीव मंदिरवार ने भी ठंड में बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए शाला संचालन का समय बदलने की मांग की थी। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर से दो दिनों से बादल छाए रहे । मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है। मौसम में हो बदलाव के बावजूद उत्तर दिशा से आ रही शुष्क हवा से ठंड के तेवर में कोई कमी नहीं है।
ठंड के मद्देनजर स्कूलों का बदला समय
जिले में पड़ रही ठण्ड के कारण छात्रहित को ध्यान में रखते हुए सरगुजा जिले में संचालित होने वाले समस्त शासकीय अशासकीय अनुदान प्राप्त, अन्य सभी विद्यालयों के शाला संचालन समय में कलेक्टर सरगुजा द्वारा परिवर्तन किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार दो पालियों में संचालित होने वाली शालाएं जिसमें प्रथम पाली के अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार को प्रात: 8:30 से दोपहर 12 बजे तक एवं शनिवार को दोपहर 12:15 से शाम 4:15 बजे तक, तथा द्वितीय पाली के अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 12:15 से शाम 4:15 बजे तक एवं शनिवार को प्रात: 8:30 से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे।
इसी प्रकार एक पाली में संचालित होने वाली शालाएं सोमवार से शुक्रवार को प्रात: 10 से शाम 4 बजे तक एवं शनिवार को प्रात: 8:30 से दोपहर 12 बजे तक संचालित होगी।
दिसंबर में अच्छी ठंड पडऩे की संभावना
इस वर्ष दिसंबर में अच्छी ठंड पडऩे की संभावना मौसम विज्ञानियों ने जताई थी। मौसम में उतार चढ़ाव के बीच दिसंबर में लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी हुई है। उत्तर दिशा से ठंडी हवा का प्रवाह लगातार बना हुआ है। इस दौरान हिमालय एवं जम्मू कश्मीर क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी एवं वर्षा का असर भी उत्तर छत्तीसगढ़ में पड़ेगा। इन सभी मौसमी घटनाक्रम को देखते हुए इस साल दिसंबर माह के बाकी शेष दिनों में अच्छी ठंड पडऩे की संभावना जताई जा रही है।
हवाओं का प्रवेश उत्तर की ओर से होने से तापमान में गिरावट
मौसम विज्ञानी ए एम भट्ट के अनुसार नवम्बर में विक्षोभ की अनुपस्थिति के कारण एक लंबे अरसे बाद इस वर्ष निर्वाध रूप से उत्तरी हवाओं का प्रभाव दिखा था जिससे सरगुजा में नवंबर में ही शीतलहर की स्थिति निर्मित हुई थी। परन्तु खाड़ी में हुई हलचल और उत्तर भारत में पछुआ की सक्रियता के कारण नियमित उत्तरी शुष्क हवा के बाधित होने से न्यूनतम तापमान में उछाल आया। अब जब एक बार पुन: इन विक्षोभों की ऊर्जा दुर्बल हुई है और हवाओं का प्रवेश उत्तर की ओर से होने लगा है तब न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दिखने लगी है।
कहां कितना तापमान-
सरगुजा - 06.9 डिग्री सेल्सियस
बलरामपुर - 6.3
बैकुण्ठपुर - 7.0
मैनपाट - 3 डिग्री सेल्सियस।


