सरगुजा

आरएसएस के शताब्दी पूर्ण होने पर 5 विषयों को लेकर लोगों को किया जाएगा जागरूक- संजय तिवारी
28-Nov-2024 8:39 PM
आरएसएस के शताब्दी पूर्ण होने पर 5 विषयों को लेकर लोगों को किया जाएगा जागरूक- संजय तिवारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 28 नवंबर। आरएसएस प्रणव भवन अंबिकापुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मध्य प्रदेश ग्वालियर के मऊ से पहुंचे आरएसएस के प्रांत प्रचारक प्रमुख संजय तिवारी व सह नगर संघ चालक अभय पालोरकर ने कहा कि अगले वर्ष राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्थापना पर एक शताब्दी पूर्ण होने के अवसर पर संघ द्वारा देशभर में पांच प्रमुख विषयों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रम करेगा, जिसके लिए तैयारी की जा रही है।

संजय तिवारी ने बताया कि संघ की स्थापना 27 सितम्बर 1925 को विजयादशमी के दिन डॉ. केशव हेडगेवार द्वारा की गई थी, अगले वर्ष विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना को लेकर एक सौ वर्ष पूर्ण हो जाऐंगे। इस शताब्दी वर्ष के अवसर पर आरएसएस द्वारा पर्यावरण, स्वदेशी, नागरिकता, कुटुम्ब और सामाजिकता को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

पर्यावरण को तीन भागों में विभक्त कर प्लास्टिक मुक्त घर, नगर व देश, जल का दुरूपयोग रोकना और उसका संचय तथा वृक्षारोपण प्रमुख है।दूसरे विषय में लोगों के बीच स्व अर्थात स्वदेशी का बोध है। इसके बारे में बताते हुए संघ के प्रांत प्रचारक ने कहा कि वर्तमान में हम बात भले स्वदेशी वस्तुओं की करते हैं परन्तु आज भी ज्यादातर उपभोग विदेशी वस्तुओं का किया जाता है। देश को आजादी मिलने के बाद देश को भारत की जगह इंडिया बनाने पर ध्यान दिया गया जिस कारण हम अपनी भाषा, भोजन और देश के तीर्थ स्थलों के भ्रमण से विमुख हो गए। अब इसपर पुन: ध्यान देने की आवश्यकता है।

तीसरे विषय में नागरिकता है जिसमें लोगों को सरकारी संपति का संरक्षण अपनी संपत्ति के रूप में करने और यातायात सहित अन्य नियमों कानूनों का पालन करने की सीख दी जाएगी। चौथे विषय में कुटुम्ब प्रबोधन को रखा गया है। हजार वर्ष की गुलामी के बाद भी भारत अपनी संस्कृति से जुड़ा हुआ है क्योंकि यहां संयुक्त परिवार की व्यवस्था रही है परन्तु आज श्रवण कुमार के देश में वृद्धा आश्रम खोले जा रहे हैं। वसुधेव कुटुम्बम की बात करने वालों के देश में कुटुम्ब अर्थात परिवार की व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।

पांचवें और अंतिम विषय के रूप में सामाजिकता है जिसमें लोगों को एक दूसरे के प्रति सम्मान व सहिष्णुता का भाव बनाए रखने की सीख दी जाएगी। जिससे देश में जात-पात, धर्म संप्रदाय के नाम पर लोगों को बांटा ना जा सके और लोग खुद एकजुट रहने के हित को समझ सकें।

 इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा देश के विभिन्न भागों में चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी तथा देश सेवा के भाव को लोगों में जगाने के संबंध में भी किये जा रहे कार्यों के बारे में बताया।

 इस दौरान आरएसएस के जिला प्रचारक जितेन्द्र शर्मा,अनुज दुबे व अन्य स्वयं सेवक भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट