सरगुजा

डेढ़ साल से न्याय के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही मां
17-Oct-2024 10:27 PM
  डेढ़ साल से न्याय के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही मां

क्रेडा विभाग की लापरवाही से 5 साल के मासूम की चली गई थी जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर,18 अक्टूबर। अंबिकापुर में क्रेडा विभाग की लापरवाही से 5 साल के मासूम की जान चली गई थी, अब डेढ़ साल से इंसाफ पाने अधिकारियो के दफ्तरों के माँ चक्कर लगा रही है।

ज्ञात हो कि अंबिकापुर के रनपुर कला गांव के प्राइमरी स्कूल में अक्टूबर 2022 में सोलर हाई मास्क लाइट लगाने क्रेडा विभाग द्वारा गड्डा खोदवाया गया था, जिसके बाद सोलर मास्क लाइट रनपुर कला गांव में न लगाकर मेंड्रा कला स्थित सैनिक स्कूल में लगा दिया गया,लेकिन स्कूल परिसर में सोलर मास्क लाइट के लिए खोदे गए गड्ढे को भरना विभाग भूल गया, इसी बीच मई 2023 में क्रेडा विभाग द्वारा खोदे गए गद्दे में 5 साल का अर्णव रजवाड़े खेलते खेलते गिर गया और मासूम की डूबने से मौत हो गई थी।

जानकारी लगते ही क्रेडा विभाग में हडक़ंप मच गया। इस दौरान पीडि़त महिला हीरामनी राजवाड़े को क्रेडा विभाग के अधिकारियों ने मामले को सुलझाने के लिए महिला को नौकरी और मुआवजा का आश्वासन दिया था। अब उस मुआवजा और नौकरी के लिए महिला डेढ़ साल से भटक रही है। महिला की परेशानी तब बढ़ गई, जब क्रेडा विभाग में आश्वासन देने वाले सभी अफसरों का ट्रांसफर हो गया, जिसके बाद से महिला और ज्यादा परेशान है।

हीरामनी कलेक्टर जनदर्शन भी गई, लेकिन वहां भी उसको इंसाफ नहीं मिला। एक तरफ अपने 5 साल के बेटे अर्णव याद कर माँ रोती रहती है, दूसरी तरफ अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा कर थक चुकी है।

हीरामनी का कहना है कि अब उसके पास जान देने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा। इस मामले में अपर कलेक्टर सुनील नायक ने मामले को संज्ञान लेते हुए हीरामनी को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया है।


अन्य पोस्ट