सरगुजा

मोदी सरकार के 100 दिनों में 15 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू-सांसद
18-Sep-2024 8:27 PM
मोदी सरकार के 100 दिनों में 15 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू-सांसद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 सितंबर। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की केंद्र सरकार के सौ दिन पूरे होने पर आज संकल्प भवन जिला भाजपा कार्यालय में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के विशेष आतिथ्य तथा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, पूर्व सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास एवं जिला सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे की उपस्थिति  में सांसद ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता सम्हालते हुए सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूलमंत्र को लक्ष्य बनाकर देश के विकास का जो संकल्प व्यक्त किया था, अपने इस कार्यकाल के प्रथम 100 दिनों में इस पर उन्होंने तेजी से अमल किया है।

 आगे उन्होंने कहा कि इन प्रथम 100 दिनों में ही लगभग 15 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएँ शुरू करके भाजपानीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की केंद्र सरकार 2047 तक ‘विकसित भारत के लक्ष्य-पथ’पर तेज रफ्तार से बढ़ रही है। देश की आधारभूत संरचना समेत 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण के लिए मोदी-सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट संकेत बजट प्रावधानों ने किया था। भाजपा सांसद ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की चर्चा करते हुए कहा कि तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में 3 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसमें सडक़, रेल, बंदरगाह और हवाई मार्ग पर प्रमुख रूप से फोकस किया गया है।


अन्य पोस्ट