सरगुजा

राखी से सजी भाईयों की कलाई, बहनों की रक्षा करने का वचन
19-Aug-2024 10:02 PM
राखी से सजी भाईयों की कलाई, बहनों की रक्षा करने का वचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सरगुजा, 19 अगस्त। सोमवार को बहन भाई के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन उल्लास के साथ मनाया गया।

बहनों ने मंगल कामना के साथ  भाईयों की कलाईयों पर राखी बांधी, वहीं भाईयों ने बहनों की रक्षा करने का वचन दिया।

 नगर लखनपुर सहित आसपास ग्रामीण इलाकों में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर में शुभ मुहूर्त होने कारण बहनों ने अपने भाईयों के कलाई पर राखी बांधी। इसके अलावा पंडित पुजारियों ने भी  जहां मंदिरों में विराजमान देवी-देवता को रक्षासूत्र अर्पित कर सबके लिए आशीर्वाद प्राप्त किया, वहीं अपने यजमानों को रक्षा सूत्र बांध कर उनके सुख समृद्धि खुशियाली की कामना की। हर तरफ रक्षाबंधन की धूम रही।

शिव मंदिरों में  रही भीड़

सावन के आखिरी सोमवार को शिवालयों में काफी भीड़ भाड़ रही श्रद्धालु सबेरे से शिव शंकर के पूजा अर्चना में लीन रहे। नगर लखनपुर के प्राचीन स्वयं -भू-शिव मंदिर देवगढ़ धाम महेशपुर धाम जूनाडीह स्थित महादेव मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। जलाभिषेक दुग्धाभिषेक के साथ सावन के आखिरी सोमवार को शिव भक्त उपासक भोले नाथ के पूजन कर अपने को धन्य किया।

मास परायण पाठ सम्पन्न

प्राचीन स्वयं -भू-शिव मंदिर में एक माह तक चलने वाला रामचरित रामायण मास परायण पाठ संपन्न हुआ। मानस मंडली के सदस्यों द्वारा पूरे सावन महीने में भगवान शिव शंकर को तुलसी कृत रामायण मास परायण पाठ पढ़ सुनाया जाता है।

अखंड रामायण पाठ संपन्न

शिव मंदिर में प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष के पूर्णिमा तिथि को होने वाली अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति हुई।

इस तरह से रक्षाबंधन के साथ साथ अनेक धार्मिक आयोजन सम्पन्न हुये।


अन्य पोस्ट