सरगुजा

बस्तर में भाजपा नेताओं की हत्या
13-Feb-2023 8:04 PM
बस्तर में भाजपा नेताओं की हत्या

टॉर्च रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर, 13 फरवरी।
बस्तर में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए भाजपा नगर मंडल अंबिकापुर ने रविवार को महामाया चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और टॉर्च रैली निकाल कर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को खोजते रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में एवं मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला के नेतृत्व में टॉर्च जला कर एसपी कार्यालय के पास घड़ी चौक तक रैली निकाली गई। 

छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा नेताओं की लगातार टारगेट किलिंग हो रही है, समूचे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, जिस सरकार में आमजन सुरक्षित न हों, जहां लोकतंत्र की हत्या खुल्लेआम हो रही हो ऐसी सरकार को जाना हीं होगा।

अंबिकापुर मंडल प्रभारी त्रिलोक कपूर कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में दुरुस्त कानून व्यवस्था का बड़ा महत्व है, लेकिन पूरे प्रदेश में माफियाओं का राज हो गया है, भाजपा के सरकार में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में नक्सली गतिविधियां शून्य हो गई थी और अब कांग्रेस सरकार में पुन: चरम पर पहुंच गई है।

अपने संबोधन में भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि जहां समूचे प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है,  गृह मंत्री नाम मात्र के रह गए हैं, आए दिन भाजपा नेताओं की टारगेट किलिंग हो रही है ऐसी स्थिति में नैतिकता के आधार पर गृह मंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

नगर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में चोरी, डकैती, अपहरण, हत्या, बलात्कार चरम पर है, कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा कांग्रेस सरकार में तत्कालीन गृह मंत्री को ढूंढने के लिए टार्च रैली का आयोजन किया गया था, परंतु ढूंढने से भी पुलिस और कानून व्यवस्था के जिम्मेदार गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू नहीं मिले।

कार्यक्रम के अंत में मृतक भाजपा कार्यकर्ताओं को मौन श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर राज बहादुर सिंह शास्त्री, मंजूषा भगत, फुलेश्वरी सिंह, अरुणा सिंह, अंबिकेश केसरी, संतोष दास, विकास पांडे, रूपेश दुबे, अजय प्रताप सिंह, आलोक दुबे, जन्मेजय मिश्रा, नकुल सोनकर आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट