सरगुजा

अंबिकापुर में हाथी पहुंचा, सुरक्षित बाहर निकालने वन विभाग दिनभर करता रहा मशक्कत
19-Jan-2023 8:06 PM
अंबिकापुर में हाथी पहुंचा, सुरक्षित बाहर निकालने वन विभाग दिनभर करता रहा मशक्कत

सीसीएफ के बंगले, रिहायशी क्षेत्र सहित बांस बाड़ी की दीवार को तोड़ा
प्रशासन ने आसपास के स्कूलों में कराई छुट्टी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 जनवरी।
गुरुवार की सुबह कल्याणपुर की ओर से एक जंगली हाथी अम्बिकापुर शहर में प्रवेश कर गया, जिससे हडक़ंप मच गया। हाथी ने मुख्य वन संरक्षक के बंगले के अंदर की दीवार सहित दो-तीन जगह दीवार को भी क्षतिग्रस्त किया है। हाथी को खदेडऩे वन अमला देर शाम तक मशक्कत करता रहा। एहतियातन प्रशासन ने आसपास के स्कूलों में छुट्टी करा दी।

जानकारी के मुताबिक एक हाथी अपने दल से भटक कर अंबिकापुर शहर में घुस आया। इसकी सूचना सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल ने प्रात: 6 बजे कलेक्टर एवं वन विभाग के डीएफओ को दी। सूचना के बाद वन अमला हरकत में आया और हाथी को खदेडऩे व ट्रेस करने मशक्कत करते रहे। वन विभाग और पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी जंगली हाथी को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे। बताया जा रहा कि मुख्य वन संरक्षक के बंगले के अंदर की दीवार को भी तोड़ दिया है।

जंगली हाथी के वर्तमान में गाड़ाघाट नर्सरी में होने की संभावना पर खोजबीन की जा रही है। जंगली हाथी के शहर में आ जाने की खबर वन विभाग की टीम को तब लगी, जब इसने तोडफ़ोड़ करना शुरू कर दिया। वहीं, जंगली हाथी ने शहर के रिहायशी क्षेत्र में एक दीवार को क्षतिग्रस्त किया है। यहां से बांसबाड़ी के अहाते को दो स्थानों पर तोड़ कर सीधे वन अधिकारियों की कॉलोनी तक पहुंच गया, जिससे वहां के लोगों में हडक़ंप मच गया।

कई बार शहर तक पहुंचे हंै जंगली हाथी
जंगली हाथी का शहर में प्रवेश पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी शहर में जंगली हाथियों ने प्रवेश किया है। कुछ साल पहले जंगली हाथियों का दल शहर के बीचों-बीच होकर गुजरा था। इसके बाद मनेन्द्रगढ़ मार्ग में होलीक्रास स्कूल के नजदीक जंगली हाथियों ने डेरा जमाया था। फिर जंगली हाथियों का एक दल शहर के बाहरी क्षेत्र से होकर गुजरा था। इस बार सिर्फ एक हाथी है। इसकी निगरानी कर सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने का प्रयास हो रहा है।

सरगुजा वन मंडल के डीएफओ पंकज कमल ने बताया कि बुधवार शाम को एक हाथी के आने की सूचना सूरजपुर जिले के कल्याणपुर के पास ट्रेस हुई थी। अभी तकिया के जंगल में है इसे ट्रेस किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि इसे खैरबार के जंगलों की तरफ भेजा जाए इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। विभाग की तरह से आसपास के इलाके में मुनादी करा दी गई है, साथ ही उन इलकों के स्कूलों को भी बंद करा दिया गया है।


अन्य पोस्ट