सरगुजा
खेतों में उतर फसल की स्थिति का आंकलन कर रही कांग्रेस टीम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 3 अगस्त। अल्प वर्षा से प्रभावित सरगुजा कांग्रेस की टीम लगातार खेतों में उतर कर किसानों की परेशानी और फसल की स्थिति का आंकलन करने में लगी है। नहरों के माध्यम से सिंचित क्षेत्र के किसान धान की फसल ले पाने में असमर्थ हैं। सरगुजा के किसी भी ब्लॉक में धान की खेती लायक वर्षा नहीं हुई है।
जिपं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के साथ क्षेत्र के सबसे बड़े सिंचाई परियोजना श्याम घुनघुट्टा के माइनर, सब माइनर नहर के अंतिम छोर के गांव इंदरपुर, परसोढ़ी, पोड़ी, बरढोढ़ी में करीब पांच किलोमीटर पैदल भ्रमण कर धान की फसल की स्थिति का आंकलन किया।
किसानों ने बताया कि नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ऊपर क्षेत्र के किसान ही पानी रोक ले रहे हैं, जिससे धान की रोपाई नहीं की जा सकी है। इन्हीं गांव के जो क्षेत्र सिंचित नहीं है, वहां स्थिति और भी विकट है। जिपं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने नहर के ऊपरी क्षेत्र के किसानों जिन्होंने रोपा लगा लिया, उनसे निचले क्षेत्रों के किसानों के लिए पानी छोडऩे का आग्रह किया। उन्होंने पानी की कमी को देखते हुए वैकल्पिक कृषि एवं मनरेगा के कार्यों के सम्बंध में विस्तार से चर्चा की। नजरी आंकलन और जिलेभर से मिले इनपुट से यह स्पष्ट है सरगुजा के किसी भी ब्लॉक में खेती लायक बारिश नहीं हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक टीएस सिंहदेव के माध्यम से निरन्तर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है।


