सरगुजा

खैरबार धान खरीदी केंद्र से 124 बोरी धान जब्त प्रबंधक पर एफआईआर की तैयारी
11-Jan-2022 8:42 PM
खैरबार धान खरीदी केंद्र से 124 बोरी धान जब्त प्रबंधक पर एफआईआर की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,11 जनवरी।
खैरबार धान समिति केंद्र में धान खरीदी के आंकड़ों में उछाल को देखकर सरगुजा कलेक्टर ने अंबिकापुर एसडीएम को आज मौके पर निरीक्षण करने भेजा, जहां भारी गड़बड़ी मिली। धान खरीदी केंद्र प्रबंधक की संलिप्तता देखते हुए 124 बोरी धान जब्त कर लिया गया है, साथ ही उस पर एफआईआर की कार्रवाई भी की जा रही है।

सरगुजा कलेक्टर  संजीव कुमार झा के निर्देश पर सभी धान खरीदी केंद्रों पर अधिकारियों के द्वारा औचक निरीक्षण कर सतत निगरानी रखी जा रही है, साथ ही सरगुजा कलेक्टर प्रत्येक दिन शाम को वीसी के माध्यम की खरीदी केन्द्रों का जायजा भी ले रहे हैं, साथ ही किसानों से बात भी कर रहे हैं। ऐसे में अचानक खैरबार धान समिति केंद्र में आई धान खरीदी के आंकड़ों में उछाल को देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ। जिसके बाद सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा ने अंबिकापुर एसडीएम प्रदीप कुमार साहू को आज मौके पर निरीक्षण करने भेजा।

मौके पर जाकर एसडीएम ने धान खरीदी केंद्र पहुंच कर वहा का निरीक्षण किया तो जांच में एसडीएम ने पाया कि असोला निवासी एक किसान बदरुद्दीन के नाम से टोकन कटा है, जबकि उसने टोकन कटवाया ही नहीं है, साथ ही मौके पर उपस्थित क्रांतिप्रकाशपुर निवासी छेदी सिंह नामक किसान से जब पूछताछ की गई तो उसने गोल मोल जवाब दिया, फिर अन्य लोगों के कथन लेने पर विरोधाभास की स्थिति उत्पन्न होने पर उसने स्वीकार किया यह धान उनका नहीं है।

उसने अपने बयान में बताया कि धान खरीदी केंद्र प्रबंधक ने उसे आकर कहा कि वह धान का अरेंजमेंट कर लेगा और उसका टोकन भी कटवा देगा, उसे बस मौके पर आना है और उसके खाते से धान बेच दिया जाएगा, जिसमें प्रथम दृष्टया धान खरीदी केंद्र प्रबंधक की संलिप्तता देखते हुए 124 बोरी धान जब्त कर लिया गया है, साथ ही धान खरीदी केंद्र प्रबंधक की संलिप्तता नजर आते हुए उस पर एफआईआर की कार्रवाई भी की जा रही है। इस मौके पर नायब तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा भी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट