सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 2 अक्टूबर। जिला कांग्रेस सेवादल सरगुजा द्वारा अंबिकापुर गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गुरुप्रीत सिंह बाबरा ने महात्मा गांधी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विश्व का आश्रय स्थल निरूपित करते हुए कहा कि हमें गांधीजी के आदर्श विचारों को आत्मसात करना चाहिए। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को महामानव की संज्ञा देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रासंगिकता युगों-युगों तक स्थाई बनी रहेगी।
कार्यक्रम सर्वप्रथम वंदे मातरम के साथ प्रारंभ किया गया एवं उपस्थित जिला कांग्रेस सेवा दल सरगुजा के स्वयं सेवकों एवं उपस्थित स्वयं सेविकाओं के द्वारा गांधीजी के प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला कांग्रेस सेवादल सरगुजा के अध्यक्ष/मुख्य संगठक शिव प्रसाद अग्रहरी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि दी।
जिला कांग्रेस सेवादल सरगुजा के अध्यक्ष शिव प्रसाद अग्रहरी ने अपने उद्बोधन में महात्मा गांधी जी के व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी के चिंतन की आधारशिला स्वावलंबन की थी। उन्होंने आत्मनिर्भर गांव की परिकल्पना की थी।
उनका कहना था कि भारत की उन्नति गांव की समृद्धि पर निर्भर है।


