सूरजपुर

भ्रष्टाचार के आरोपों पर युवा कांग्रेस का चक्काजाम, जनपद सीईओ का पुतला फूंका
27-Nov-2026 8:48 PM
भ्रष्टाचार के आरोपों पर युवा कांग्रेस का चक्काजाम, जनपद सीईओ का पुतला फूंका

प्रशासन ने सात कार्य दिवस में जांच का दिया लिखित आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 27 नवंबर। रामानुजनगर क्षेत्र में सडक़ निर्माण की गुणवत्ता और जनपद पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को सुभाष चौक पर उग्र प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनपद पंचायत सीईओ का पुतला दहन कर कलेक्टर के नाम एसडीएम एवं तहसीलदार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे।

आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सतवंत सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू एवं युवा कांग्रेस के राजू राजवाड़े ने किया। कांग्रेस नेताओं ने पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सडक़ निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि उमापुर-पंडरीपानी चौक से जयपुर मिडिल स्कूल तक 369.93 लाख रुपये की लागत से बन रही चार किलोमीटर सीसी सडक़ में चालू बिजली के खंभों को हटाए बिना ही ढलाई कर दी गई है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

वहीं लक्ष्मीपुर-हर्रापारा मार्ग पर डामरीकरण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि निर्माण के छह-सात दिनों के भीतर ही सडक़ उखडऩे लगी है। इसके अलावा तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर, पंपानगर-कोट पटना, मकरंदीपुर-तिउरागुड़ी, पस्ता-बद्रिकाश्रम, छिंदिया-पिउरी और कौशलपुर-भैंसामुड़ा मार्गों का निर्माण धीमी गति से होने तथा धूल से ग्रामीणों को परेशानी होने की बात भी उठाई गई।

कांग्रेस ने बिजली के खंभों को तत्काल हटाने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार पर कार्रवाई, सडक़ निर्माण की स्वतंत्र एजेंसी से जांच, लंबित कार्यों की समय-सीमा निर्धारित करने तथा लापरवाह ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने की मांग की।

दूसरे ज्ञापन में जनपद पंचायत रामानुजनगर में 16वें वित्त आयोग की राशि से होने वाले निर्माण कार्यों की एजेंसी ग्राम पंचायत कौशलपुर को बनाए जाने पर सवाल उठाए गए। कांग्रेस का आरोप है कि मूल आदेश क्रमांक 3470 दिनांक 21 अक्टूबर 2026 के बाद 22 अक्टूबर को सामान्य सभा का प्रस्ताव पारित दिखाकर 26 अक्टूबर को संशोधित आदेश जारी किया गया। इसे कांग्रेस ने बैकडेटिंग और अभिलेखों में हेरफेर की आशंका से जोड़ते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की।

 साथ ही कलेक्टर जनदर्शन में की गई शिकायत को पुन: खोलने और संबंधित मूल दस्तावेजों की जांच कराने की मांग भी की गई।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे रामानुजनगर तहसीलदार ने ज्ञापन पर सात कार्य दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद पंचायत एवं पीडब्ल्यूडी कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष इस्माइल खान, सतवंत सिंह, समर्थ प्रजापति, महेश सिंह, राजू राजवाड़े, परमेश्वर राजवाड़े, विक्की यादव, राजेश साहू, सत्यम साहू, आशीष सिंह, बालकृष्ण राजवाड़े, ज्ञान गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट