सूरजपुर

बलरामपुर यूनिट स्टोर में सेंधमारी, हजारों के सामान चोरी
27-Nov-2026 8:47 PM
बलरामपुर यूनिट स्टोर में सेंधमारी, हजारों के सामान चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 27 नवंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर के कुमदा सब एरिया प्रांगण स्थित बलरामपुर यूनिट स्टोर में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब 180  बीट, तीन कंप्यूटर बैटरी, एक रोल शॉर्ट फायरिंग केबल, बियरिंग व अन्य मूल्यवान सामान चोरी कर लिया।

घटना के अगले दिन गुरुवार की रात चोरों ने दोबारा प्रयास किया। इस बार चोरों ने बगल में स्थित बलरामपुर लांगवाल स्टोर को निशाना बनाया। सेंधमारी का प्रयास तो हुआ, लेकिन कर्मचारियों के समय पर पहुंचने पर आरोपी कलपुर्जे चोरी करने में सफल नहीं हो सके और भाग निकले।

बताया जा रहा है कि चोरी से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खदान संचालन में भी बाधा आ रही है। जरूरी कलपुर्जों की कमी उत्पादन को प्रभावित कर सकती है। स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि स्टोर क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी और रात की गश्त को और सख्त बनाने की जरूरत है। मामले की सूचना प्रबंधन द्वारा बिश्रामपुर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में कबाड़ का अवैध कारोबार कुछ महीने बंद रहने से खदान क्षेत्र में चोरी पर अंकुश जरूर लगी थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से पुन: अवैध कबाड़ का कारोबार शुरू होने पर चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि होने लगी है।


अन्य पोस्ट