सूरजपुर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से 3.06 करोड़ की मंजूरी
सूरजपुर, 14 फरवरी। जंगलों के बीच बसे सुदूर वनांचल क्षेत्रों में वर्षों से अंधेरे में जीवन बिता रहे ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। सूरजपुर जिले के ओडग़ी विकासखंड के तीन दूरस्थ ग्रामों के मजरा-टोलों में पहली बार नियमित विद्युत आपूर्ति पहुंचाने के लिए 3 करोड़ 6 लाख 92 हजार 670 रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से संभव हो पाई है।
ज्ञात हो कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मसंकी, बांक और असुरा के कई मजरा-टोले अब तक मुख्य विद्युत लाइन से जुड़े नहीं थे।
रात होते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता था और ग्रामीण ढिबरी व सीमित सोलर लाइट के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर थे। अंधेरे का सबसे अधिक प्रभाव बच्चों की पढ़ाई, कृषि कार्य और सामान्य जनजीवन पर पड़ रहा था।
‘मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना’ के तहत स्वीकृत इस राशि से ग्राम मसंकी के लुकभुकिया और पतेरीपारा, ग्राम बांक के खासपारा और स्कूलपारा तथा ग्राम असुरा के खासपारा, पण्डोपारा और असुरा-1 में विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा। करोड़ों रुपये की लागत से होने वाला यह कार्य क्षेत्र में विकास की नई रोशनी लेकर आएगा और शिक्षा, कृषि तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।
घने वन क्षेत्र में स्थित होने के कारण विद्युत विस्तार के लिए वन भूमि की अनुमति एक बड़ी चुनौती थी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर विभागीय स्तर पर आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया गया है और अब शीघ्र ही जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश का कोई भी घर अंधेरे में न रहे। विद्युत सुविधा से बच्चों की शिक्षा, किसानों की कृषि गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर लघु उद्योग व स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। यह योजना वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।-


