सूरजपुर
डेढ़ माह बाद खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 30 सितंबर। सूरजपुर जिले में डेढ़ माह पहले एक युवक की जलकर मौत हो गई थी। वहीं अब इस मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि युवक की हत्या की गई थी। हत्या करने वाली मृतक की पत्नी ही निकली जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पति से विवाद के चलते महिला ने वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने हत्या करने वाली आरोपी मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक बीते 6 अगस्त को मानी चौक निवासी सुपारी लाल आग से जल गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक और उसकी पत्नी मूर्ति बाई का लंबे समय से विवाद चल रहा था। जिसके कारण दोनों कई बार अलग भी रहा करते थे। इसी संदेह के चलते पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है।
मृतक की मौत के कुछ दिन पहले ही दोनों पति पत्नी साथ में रहना शुरू किए थे। पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि, यह पूरा मामला 6 अगस्त का है। इस दौरान सुबह महिला के सास- ससुर जब काम पर चले गए, तभी उसने पति को आग लगा दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


