सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के वर्ष 2025-26 के परीक्षा परिणाम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने हाई स्कूल (10वीं) में राज्य स्तर पर 11वां और हायर सेकेंडरी (12वीं) में 9वां स्थान प्राप्त किया है।
जिले के दो छात्रों ने राज्य की टॉप 10 सूची में स्थान बनाया है। शासकीय बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय, सरिया के छात्र शिवम दुबे ने 12वीं में 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 9वां स्थान हासिल किया। वहीं, मोना मॉडर्न स्कूल, बरमकेला के छात्र हेमंत पटेल ने 10वीं में 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 10वां स्थान प्राप्त किया।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह परिणाम विद्यार्थियों के प्रदर्शन और शिक्षण व्यवस्था से जुड़ा है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया।
मोना मॉडर्न स्कूल, बरमकेला के संचालक अमितेश केशरवानी ने हेमंत पटेल को बधाई देते हुए इसकी सफलता का श्रेय छात्र की मेहनत तथा शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को दिया। शासकीय बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय, सरिया के प्राचार्य तिर्की ने भी शिवम दुबे सहित अन्य छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
परिवारिक पृष्ठभूमि
शिवम दुबे के परिवार में उनकी माता और भाई हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके पिता का निधन पूर्व में हो चुका है। उनके जुड़वा भाई ने भी 12वीं में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
हेमंत पटेल, बरमकेला ब्लॉक के आमापाली गांव के निवासी हैं। उनके माता-पिता कृषक हैं।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम को लेकर निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने असफल विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार का गलत कदम न उठाएं और आगे के प्रयास जारी रखें।


