सारंगढ़-बिलाईगढ़
भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 अप्रैल। प्रदेश में मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर आमजन की समस्याओं को लेकर निशाना साधा है।
नायक ने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद विशेषकर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों को जमीन रकबा संशोधन, खाद-बीज की उपलब्धता, और धान खरीदी में टोकन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि धान बेचने में देरी, बैंक से भुगतान प्राप्त करने में दिक्कत, और खराब सडक़ व्यवस्था के कारण किसानों को कई स्तरों पर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसके अलावा बिजली बिल, रसोई गैस की उपलब्धता, और बढ़ती महंगाई को भी उन्होंने आमजन की परेशानी का कारण बताया।
नायक ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई है, वहीं घरेलू जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों के लिए दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। अपने बयान में उन्होंने जनता से अपील की कि वे इन परिस्थितियों को ध्यान में रखें और भविष्य में निर्णय लेते समय इन्हें याद रखें।


