सारंगढ़-बिलाईगढ़

हर्बल चिकित्सा में लता पटेल को पीएचडी
28-Feb-2026 4:49 PM
हर्बल चिकित्सा में  लता पटेल को पीएचडी

सारंगढ़, 28 फरवरी। ग्राम फर्सवानी की निवासी डॉ. लता पटेल ने फार्मेसी विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें यह उपाधि 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई द्वारा आयोजित ओपन डिफेंस के बाद प्रदान की गई।

डॉ. लता पटेल का शोध हल्दी की दो प्रजातियों—कुरकुमा अमदा (अंबा हल्दी) और कुरकुमा एरोमेटिका (वन हल्दी)—पर आधारित रहा। उन्होंने इन प्रजातियों का तुलनात्मक फार्माकोग्नोस्टिक एवं फाइटोकेमिकल अध्ययन किया। अपने शोध कार्य के अंतर्गत उन्होंने त्वचा संबंधी उपयोग के लिए एक टॉपिकल फॉर्मूलेशन (क्रीम/लेप) विकसित किया है। इसके व्यावहारिक उपयोग और प्रभावशीलता को लेकर आगे अनुसंधान एवं परीक्षण अपेक्षित होंगे। यह शोध कार्य जेके कॉलेज ऑफ फार्मेसी, बिलासपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सह-मार्गदर्शक के रूप में एलसीआईटी एसओपी, बिलासपुर के प्राचार्य डॉ. रितेश जैन का तकनीकी सहयोग रहा। डॉ. लता पटेल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बरमकेला से प्राप्त की। उन्होंने बी.फार्मा चौकसे कॉलेज, बिलासपुर से तथा एमएस फार्मा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च , मोहाली से किया है। वर्तमान में वे जेके कॉलेज ऑफ फार्मेसी, बिलासपुर में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

डॉ. लता पटेल ग्राम फर्सवानी निवासी पुरुषोत्तम पटेल की पुत्रवधू एवं बिहारी लाल पटेल की पत्नी हैं। उनकी उपलब्धि पर परिवारजनों और परिचितों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उनकी बहन डॉ. जयकुमारी चौधरी सहित परिजनों ने उन्हें बधाई दी है।

 


अन्य पोस्ट