सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 27 फरवरी। थाना सलिहा पुलिस ने मवेशी तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 26 फरवरी को सूचना मिली थी कि दो वाहन—(1) महेन्द्रा वीरो क्रमांक सीजी 06-एचसी-8567 (स्लेटी रंग) तथा (2) महेन्द्रा वीरो क्रमांक सीजी 04-क्यूएम-0269 (सफेद रंग)—में भैंस एवं भैंसा मवेशियों को भरकर बिलाईगढ़ की ओर से ओडिशा ले जाया जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक पुरेंद्र मल्होत्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। पुलिस के मुताबिक पहले वाहन से 2 भैंस और 3 भैंसा तथा दूसरे वाहन से 2 भैंस और 3 भैंसा, कुल 10 मवेशी बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, जो प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों वाहन, 10 मवेशी (कुल अनुमानित मूल्य 17,30,000 रुपये) तथा 4 मोबाइल फोन (अनुमानित मूल्य 16,300 रुपये) जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 17,46,300 रुपये बताया गया है। इस मामले में पुलिस ने सूरज गुप्ता कोमाखान महासमुंद, भीखम सिन्हा बिहाझर, महासमुंद तथा कबीर खान उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम रायपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


