सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 फरवरी। बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत धनसीर रोड स्थित रेल कॉरिडोर कक्ष क्रमांक 408 में गुरुवार को आग लग गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने आग की सूचना वन विभाग को दी। आग फैलने से बड़ी संख्या में पेड़ों को नुकसान पहुंचा है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांटेशन क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के वन क्षेत्र के सागौन समेत अन्य फलदार पेड़ भी प्रभावित हुए हैं। विभागीय स्तर पर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
वन विभाग की एसडीओ अमिता गुप्ता ने बताया कि आग लगने की सूचना के बाद सारंगढ़ से टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक स्तर पर बीट गार्ड की लापरवाही की बात सामने आई है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कुछ स्थानीय वन प्रेमियों और निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी कार्यालय के समीप आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें पेड़ों को नुकसान पहुंचा था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्लांटेशन और रखरखाव पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार यह प्लांटेशन केम्पा मद से विकसित किया गया था, जिसमें मिश्रित प्रजातियों के लगभग 42,000 पौधे लगाए गए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा और रखरखाव के लिए हर वर्ष राशि जारी होती है, लेकिन कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं होता। इन आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पूर्व में किया गया था निरीक्षण
करीब तीन वर्ष पूर्व तत्कालीन केम्पा प्रमुख एवं वर्तमान प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्रीनिवास राव ने क्षेत्र का दौरा कर प्लांटेशन का निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की थी।


