राजनांदगांव
हालात नहीं सुधरे तो सप्ताहभर बाद पूर्ण लॉकडाउन पर विचार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अप्रैल। राजनांदगांव जिले में कोरोना के बढ़ती रफ्तार को रोकने के लिए आखिरकार प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए 4 अप्रैल यानी रविवार से शाम 4 बजे से सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। शनिवार को कलेक्टर टीके वर्मा ने राजनांदगांव महापौर हेमा देशमुख, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा समेत समाजसेवी संगठनों के साथ बैठक करते शाम 4 से सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन करने पर निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि बैठक में उक्त समय अवधि को प्रशासन ने ्रप्रायोगिक तौर पर लागू किया है। यानी हालात नहीं सुधरने पर प्रशासन पूर्ण लॉकडाउन करने का भी फैसला कर सकता है।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव शहर एवं देहात इलाकों के बड़े कस्बों में ताबड़तोड़ कोरोना के नए मरीज मिल रहे हैं। प्रशासन के सामने हालात पर काबू पाने का दबाव बढ़ा है। पिछले कुछ दिनों से नए संंक्रमित मरीजों के अलावा मौतों की संख्या भी बढ़ी है। बताया जा रहा है कि शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक आर्थिक एवं अन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी। प्रशासन ने अति आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, दवाई, मीडिया पर्सन को ही लॉकडाउन से मुक्त रखा है।
इस संबंध में कलेक्टर टीके वर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि फिलहाल शाम 4 से सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। उन्होंने कहा कि स्थिति में सुधार नहीं आने पर पूर्ण लॉकडाउन होगा। बताया जा रहा है कि कलेक्टर ने आज राजनैतिक और गैर राजनीतिक के प्रमुखों के साथ बैठक लेकर प्रारंभिक तौर पर लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। लॉकडाउन में सुबह और शाम के वक्त दूध कारोबारियों को दो घंटे के लिए ढील मिलेगी। शहर में कल शाम 4 बजे से लॉकडाउन लागू होते ही पुलिस भी सख्ती बरत सकती है। बताया जा रहा है कि बैठक में पुलिस अफसरों को भी प्रशासन की ओर से जरूरी निर्देश मिले हैं।


