राजनांदगांव

एसआईआर : नांदगांव के 4 विस में काटे गए 55 हजार नाम, 12 हजार नए वोटर्स
22-Feb-2026 4:14 PM
एसआईआर : नांदगांव के 4 विस में काटे गए 55 हजार नाम, 12 हजार नए वोटर्स

सभी दलों की प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मतदाता सूची जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 फरवरी।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शनिवार को प्रशासन ने अंतिम मतदाता सूची जारी की। सभी राजनीतिक दलों की प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। एसआईआर प्रक्रिया में प्रशासन ने काफी जोर आजमाईश की थी। एक जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचन नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत कलेक्टोरेट में सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव जिले के 4 विधानसभा में 55 हजार मतदाताओं का नाम सूची से पृथक किया गया है। वहीं 459 मतदाताओं को दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के चलते सूची से नाम अलग किया गया है। इस तरह जिले में अब मतदाताओं की संख्या 7 लाख 92 हजार 482 रह गई है। सभी विधानसभा में वोटर लिस्ट बनाने के लिए प्रशासन ने 2003 के मतदाता सूची में माता-पिता के नाम अथवा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा था। निर्धारित समय पर कुछ वोटरों ने जरूरी दस्तावेज जमा नहंी किए। जिसके चलते उनका नाम हटा दिया गया। उधर जिले में 55 हजार 705 नए वोटर्स का नाम भी काटा गया है। इसके पीछे भी प्रशासन ने अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने को एक असल वजह बताया।
राजनांदगांव जिले के चारों विधानसभा में नाम जोडऩे-हटाने की प्रक्रिया के लिए प्रशासनिक स्तर पर बीएलओ  की तैनाती की थी। बताया जा रहा है कि जिले में अब 12 हजार नए वोटर्स भी मतदान के लिए पात्र हो गए हैं। एसआईआर सर्वे की शुरूआत में जिले में 8 लाख 35 हजार 990 मतदाताओं की संख्या थी। एसआईआर प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 7 लाख 80 हजार 205 मतदाता का नाम सामने आया। प्रशासन ने एसआईआर के दौरान काफी सतर्कता बरती।
कल जारी हुए सूची के आधार पर जिले में पुरूष मतदाता की संख्या 3 लाख 96 हजार 896 है। वहीं महिला मतदाता की संख्या 3 लाख 95 हजार 581 है। इस तरह जिले में अब मतदाताओं की अधिकृत संख्या 7 लाख 92 हजार 482 है। एसआईआर सर्वे में प्रशासन ने कई आपत्तियों का निराकरण भी किया। 4 नवंबर से शुरू हुए इस प्रक्रिया में 21 हजार 332 दावा-आपत्ति दर्ज हुई थी। 14 फरवरी तक प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया था। वहीं 21 फरवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन प्रशासन ने चुनाव आयोग के निर्देश अनुरूप संपन्न किया।
 


अन्य पोस्ट