राजनांदगांव

8 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार, भेजे गए जेल
21-Feb-2026 8:43 PM
8 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार, भेजे गए जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 फरवरी। सायबर अपराधों में प्रयुक्त म्यूल खाताधारकों के विरूद्ध राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। म्यूल बैंक खाताधारक 8 आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत 8 बैंक खाता धारकों द्वारा बंधन बैंक, केनरा बैंक, यूको बैंक एवं बैंक ऑफ  बडोदा के खातों का उपयोग कर साइबर ठगी का रकम प्राप्त किए थे। गिरफ्तार 08 बैंक खाता धारकों के बैंक खातों में लगभग 20 लाख से अधिक का लेनदेन संदेहास्पद ट्रांजेक्शन की जानकारी प्राप्त हुआ है। आरोपियों के विरूद्ध धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

 मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में बढ़ रहे सायबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केन्द्र सरकार के गृह मंत्रालय विभाग द्वारा सायबर अपराधियों से संबंधित डाटा, साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खातों की जानकारी को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र के समन्वय पोर्टल के माध्यम से विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ साझा किया जा रहा है।

उसी क्रम में बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु जनजागरूकता एवं सायबर अपराधियों एवं साइबर ठग गिरोह को म्यूल बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले गिरोह पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने एसपी अंकिता शर्मा द्वारा जिले में मिशन साइबर सुरक्षा अभियान के तहत  म्यूल एकाउंट खाताधारकों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था,  जिस पर थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत 8 बैंक खाता धारकों जिसमें बंधन बैंक, केनरा बैंक, यूको बैंक एवं बैंक ऑफ  बडोदा में खाता खोलकर म्यूल एकांउट के रूप में उपयोग किया गया। 08 बैंक खाता धारकों के बैंक खातों में लगभग 20 लाख रुपए से अधिक का लेनदेन संदेहास्पद ट्रांजेक्शन की जानकारी प्राप्त हुआ है। इन 08 आरोपियों के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 108/2025, 109/2025, 110/2025, 380/2025 धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

गिरफ्तार किए गए बैंक खाताधारकों में जावेद सोलंकी, सागर वैष्णव, उदित जैन,  आवेश खान,  मुकेश कुमार वैष्णव, चंदुलाल क्षत्रीय, लिकेश साहू सभी राजनांदगांव जिला एवं मिथलेश ताम्रकर अंबागढ़ चौकी निवासी शामिल हैं।

पुलिस ने की खाताधारकों से अपील

राजनांदगांव पुलिस ने खाताधारकों से अपील करते कहा कि व्यक्तिगत बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक व रजिस्टर मोबाइल नंबर की सिम को किसी के बहकावे में आकर किसी अन्य को न दें। स्वयं उपयोग करें, अगर खाते में किसी प्रकार की अवैध या संदेहास्पद लेनदेन की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना अवश्य दे। अवैध स्त्रोतों से प्राप्त रकम को अर्जित करने के लिए अपना व किसी अन्य का बैंक खाता, एटीएम कार्ड, रजिस्टर्ड सिम, चेकबुक को दूसरे को बेचना, किराये व कमीशन पर देना दंडनीय अपराध है। अवैध गतिविधियों से रकम को बैंक खाता में प्राप्त करने पर बैंक खाता धारक व संलिप्त के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाती है।


अन्य पोस्ट