राजनांदगांव
ओटी में संक्रमण की आशंका के चलते बंद था ऑपरेशन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 फरवरी। मेडिकल कॉलेज में दो दिन बाद मोतियाबिंद का आपरेशन फिर से शुरू हो गया। दो दिन से ओटी में संक्रमण के चलते प्रबंधन ने आपरेशन को अस्थाई रूप से रोक दिया था। इस वजह से मरीजों को निजी अस्पतालों का रूख करना पड़ा। निजी अस्पतालों ने मनमाफिक तरीके से मरीजों से रकम लिया। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि ओटी में संक्रमण की आशंका थी। इस वजह से आपरेशन रोका गया था। आज से फिर आपरेशन शुरू हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज के आपरेशन थियेटर में अचानक आपरेशन को रोकने की खबर सामने आई। बाद में प्रबंधन की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि आपरेशन थियेटर में संक्रमण की आशंका है। सफाई-क्लीनिंग के बाद निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही आपरेशन शुरू होगा। इस बीच कई मरीज आपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज में तैयारी के साथ पहुंचे। एनवक्त पर आपरेशन नहीं होने की जानकारी मिली। कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों में आपरेशन कराने का रास्ता चुन लिया।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज के आपरेशन थियेटर में रोजाना कई अलग-अलग किस्म के बीमारियों के लिए आपरेशन होते हैं। इससे आपरेशन थियेटर में संक्रमण की आशंका बनी रहती है। समय-समय पर इसकी सफाई और क्लीनिंग की जाती है। इसे कल्चर रिपोर्ट भी कहा जाता है। क्लचर रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रबंधन ने आज से आपरेशन शुरू कर दिया। बताया जाता है कि क्लीनिंग और सफाई की जिम्मेदारी बायोलॉजी लैब के चिकित्सकों के जिम्मे होता है। उनके ही रिपोर्ट के बाद ही आपरेशन शुरू होता है। बहरहाल मेडिकल कॉलेज में आज से फिर आपरेशन थियेटर शुरू होने के बाद मोतियाबिंद पीडि़तों का आपरेशन शुरू हो गया।


