राजनांदगांव
जोड़े को चार साल से समाज ने रखा था अलग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 फरवरी। शहर के मोहारा वार्ड के एक दंपत्ति को पुलिस की दखल के बाद समाज ने वापस जोड़ लिया। तकरीबन चार साल से समाज से अलग हुए दंपत्ति व परिवार को पुलिस ने समाज की मुख्यधारा में जोडऩे की मुख्य भूमिका अदा की। मोहारा वार्ड के कुम्हार समाज एवं आवेदिका पक्ष को आवश्यक समझाईश देकर आपसी रजामंदी से समाधान निकाला गया। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया और आवेदिका परिवार ने आभार व्यक्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहारा वार्ड नं. 47 राजनांदगांव निवासी आवेदिका द्वारा वरिष्ठ कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि उसने 11 अक्टूबर 2021 को अन्य जाति के युवक से विवाह किया था। विवाह उपरांत वह अपने पति एवं संयुक्त परिवार के साथ निवासरत थी। विवाह के कारण मोहारा क्षेत्र के कुम्हार समाज द्वारा आवेदिका एवं उसके ससुराल पक्ष को विगत लगभग 04 वर्षों से सामाजिक कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से पृथक कर दिया गया था तथा निरंतर अपमानित किया जा रहा था।
प्रकरण की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन द्वारा मामले के त्वरित एवं सौहार्द्रपूर्ण निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आवेदिका पक्ष, कुम्हार समाज के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को बसंतपुर थाना में आमंत्रित कर दोनों पक्षों की विस्तृत चर्चा कराई गई। समाज के प्रमुख व्यक्तियों को स्थिति से अवगत कराते सामाजिक बहिष्कार के दुष्परिणाम एवं विधिक पहलुओं की जानकारी दी गई तथा आपसी समन्वय व सामाजिक सौहाद्र्र बनाए रखने हेतु समझाइश दी गई।
पुलिस की सतत संवाद एवं मध्यस्थता प्रयासों के फलस्वरूप कुम्हार समाज के प्रतिनिधियों एवं आवेदिका पक्ष के बीच सहमति बनी कि भविष्य में सभी सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में परस्पर सहयोग व सहभागिता रखी जाएगी तथा परिवार को समाज की मुख्यधारा में पूर्ण सम्मान के साथ सम्मिलित किया जाएगा।
विगत लगभग 04 वर्षों से चली आ रही सामाजिक समस्या का समाधान पुलिस की उपस्थिति में सौहाद्र्रपूर्ण वातावरण में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर संपन्न हुआ। समाज के प्रतिनिधियों एवं आवेदिका परिवार द्वारा इस मानवीय एवं संवेदनशील पहल हेतु पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती तथा थाना बसंतपुर स्टाफ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।


