राजनांदगांव
दो साल से फरार आरोपी महिलाओं ने अन्य महिला के स्थान पर स्वयं का लगाया था फोटो
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 फरवरी। जमीन विक्रय दस्तावेज में अन्य महिला के स्थान पर स्वयं का फोटो लगाकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं दो साल से फरार थी। दोनों महिलाएं दुर्ग की रहने वाली है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस तरह सभी ने कूटरचना कर एक व्यक्ति के 1.10 डिसमिल जमीन को पावर ऑफ अर्टानी बताकर बेच दिया था। जमीन मालिक की शिकायत पर जांच में धोखाधड़ी होने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग के कातुलबोड़ स्थित खसरा नंबर 48/1 रकबा 1.10 डिसमिल भूमि को मुख्य आरोपी प्रताप मजूमदार ने सह-आरोपियों के साथ 10 अगस्त 2023 को पावर ऑफ अर्टानी तैयार कर विभिन्न व्यक्तियों को बेच दिया था। इसकी शिकायत होने के बाद पुलिस ने प्रताप मजूमदार, हेमंत सेन और केशव देवांगन को गिरफ्तार किया था। इस मामले में दो महिलाएं रूखमणी मजूमदार और सरोज निर्मलकर ने अन्य महिलाओं के स्थान पर अपना फोटो लगाकर रजिस्ट्री कराने में सहयोग किया था। दोनों महिलाओं को इस कूटरचना में शामिल होने पर पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया। दो साल से दोनों फरार थी। पुलिस ने आखिरकार दोनों को बोराई क्षेत्र से गिरफ्तार किया। महिलाओं को जेल भेज दिया गया है।


