राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 फरवरी। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह समेत राजा माखीजा व सावन वर्मा की उपस्थिति में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कुल डिमांड की जानकारी लेकर वित्तीय वर्ष समाप्ति के माह अंत तक अधिक से अधिक वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने करदाताओ से अपने बकाया करों का भुगतान करने अपील की।
महापौर ने कहा कि राजस्व विभाग नगर निगम की रीड की हड्डी होती है, आप लोगों के वसूली पर ही वेतन तथा निगम का व्यय आदि का भुगतान किया जाता है। कुल डिमांड के विरूद्ध वसूली कम है और वसूली के लिए समय भी कम है। सभी कर्मचारी माह के शेष दिनों में अच्छी मेहनत करें और अधिक से अधिक वसूली लाएं। उन्होंने डिमांड दुरूस्त कर शासकीय एवं निजी कालोनियों में भी डिमांड देकर वसूली करने कहा। उन्होंने कर्मचारियों से वसूली में आ रही कठिनाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि करदाताओं के जलकर के लिए नल कनेक्शन की जॉच कर वसूली करें, क्योकि कुछ घरों में डबल कनेक्शन है और उनके द्वारा एक ही नल का जलकर भुगतान किया जा रहा है।
इसी प्रकार भागीरथी तथा अमृत मिशन योजनांतर्गत लगे नल कनेक्शन की जॉच कर जलकर लेना सुनिश्चित करें, लंबे बकायेदारों का नल कनेक्शन काटे।
महापौर श्री यादव ने दुकानों की वसूली की जानकारी लेकर कहा कि जिनका प्रीमियम बकाया है, उनसे प्रीमियम की राशि ले, जिनका अनुबंध नहीं हुआ है, उनका अनुबंध कराकर किराया चालू करे। हाट बाजार एवं अन्य स्थानो पर बने चबूतरे तथा पौनी पसारी योजनांतर्गत बने चबूतरे की आबंटन की जानकारी लेकर अनुबंध या किराया नहीं देने वालों का आबंटन निरस्त कर नए सिरे से आबंटन की कार्रवाई करें।
उन्होंने राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी से कहा कि सभी वार्ड प्रभारी प्रत्येक सोमवार को राजस्व विभाग में कार्यालयीन समय में उपस्थित रहकर समस्त करो की वसूली लेना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अवकाश के दिनों में भी राजस्व कार्यालय खुली रख राजस्व वसूली करने कहा। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व प्रभारी अपनी जिम्मेदारी समझे और निष्ठापूर्वक कार्य कर वसूली करें, तभी हम शत-प्रतिशत राजस्व वसूली की ओर अग्रसर होंगे। महापौर श्री यादव ने सभी बकायेदारों से अपील करते कहा है कि अपने सभी बकाया करों का भुगतान कर अधिभार से बचे और नगर विकास में सहयोग करे। बैठक में राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।


